बिलासपुर। बिलासपुर जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का राजधानी G न्यूज का खबर का असर हुआ है। रतनपुर बाईपास रोड पर रात के अंधेरे में तलवार से केक काटकर बर्थडे मनाने और पटाखे फोड़ने वाले युवकों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। 15 युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही तलवार और गाड़ियों को जब्त कर मामला विवेचना में लिया गया है।

बीच सड़क पर मनाया थे बर्थडे, कानून व्यवस्था की उड़ाई थी धज्जियां
बिलासपुर शहर में नवयुवकों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए रतनपुर बाईपास रोड को पार्टी स्पॉट बना दिया था। सड़क पर ही गाड़ी रोककर तलवार से केक काटा और जमकर पटाखे फोड़े। वायरल वीडियो ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी।
वीडियो वायरल, पुलिस ने की तत्काल कार्रवाई
सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 6 बालिग और 9 नाबालिग शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपी और जब्त सामान
गिरफ्तार आरोपियों में रुपेश केवर्त, कमलेश कुमार सरवन, रितेश नायक, कर्ण सिंह, रणजीत केवट और अभ्युदय भारद्वाज के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने तलवार और गाड़ियों को भी जब्त किया है।

राहगीरों में मची दहशत, हादसे की बनी आशंका
युवकों की इस हरकत से सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। वहां से गुजरने वाले वाहन चालक और राहगीर परेशान होते रहे। अचानक बीच सड़क पर पटाखे और तलवार से केक काटने जैसी हरकतों से हादसे का खतरा भी मंडराता रहा।
सवालों के घेरे में पुलिस गश्त
लगातार ऐसे वायरल वीडियो पुलिस गश्त और निगरानी पर सवाल खड़े कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि आखिर पुलिस की मौजूदगी में इस तरह के खुलेआम जश्न और कानून उल्लंघन कैसे हो जाते हैं।
