
बिलासपुर। बिलासपुर शहर में बुलेट सवार युवकों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। देर रात सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ है, जिसने स्थानीय लोगों को चिंता में डाल दिया है। यह वीडियो सरकंडा थाना क्षेत्र के चांटीडीह सब्जी मंडी से अपोलो अस्पताल जाने वाले मार्ग का बताया जा रहा है। लगभग एक मिनट के इस वीडियो में बुलेट सवार युवकों को सड़क पर खतरनाक स्टंट करते हुए देखा जा सकता है। खास बात यह है कि इस दौरान उन्होंने अपने मोटरसाइकिलों में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर से लगातार धमाके किए, जिसकी आवाज पटाखों जैसी गूंज रही थी। बताया जा रहा है कि इस छोटे से वीडियो में करीब 25 बार ब्लास्टिंग की गई।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि देर रात जब लोग आराम कर रहे थे, तभी यह युवक अपनी बाइकों से धमाके करते हुए सड़क पर निकल पड़े। इतनी जोरदार आवाजें सुनकर आसपास रहने वाले लोग सहम गए। कई लोगों ने इसे पटाखों की आवाज समझकर पहले तो अनहोनी की आशंका जताई, लेकिन बाद में साफ हुआ कि यह शोर बुलेट बाइकों के मॉडिफाइड साइलेंसर से आ रहा था। लगातार हो रही ब्लास्टिंग से बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान हुए।

वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि बाइक सवार न केवल तेज गति में खतरनाक स्टंट कर रहे थे, बल्कि यातायात नियमों की भी खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे थे। इससे न केवल उनकी जान खतरे में थी, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई। इस दौरान पीछे चल रहे एक अन्य बाइक सवार ने पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि शहर में लगातार हो रहे इस तरह के घटनाक्रम पर आखिर यातायात पुलिस कब सख्ती दिखाएगी। इससे पहले भी कई बार मॉडिफाइड साइलेंसर और स्टंटबाज युवकों की हरकतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन कड़ी कार्रवाई के अभाव में यह प्रवृत्ति थमने का नाम नहीं ले रही। अब देखना होगा कि इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन इन हुड़दंगी युवकों के खिलाफ क्या कदम उठाता है।
