Saturday, March 28, 2026
Homeअपराधगोलियों की गूंज : देर रात कसनिया में फायरिंग, अज्ञात हमलावरों ने...

गोलियों की गूंज : देर रात कसनिया में फायरिंग, अज्ञात हमलावरों ने घर पर बरसाईं गोलियां, एसपी खुद पहुंचे मौके पर, हिरासत में एक संदिग्ध…

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के कसनिया गांव में देर रात गोली चलने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि कसनिया निवासी सिकंदर मेमन के घर पर अज्ञात हमलावरों ने दो राउंड फायरिंग की, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अचानक गूंजे गोलियों की आवाज़ से ग्रामीण दहशत में अपने घरों में दुबक गए।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी खुद मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि गोलीबारी के पीछे क्या वजह थी और कितने लोग इसमें शामिल थे।

एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने मौके पर मीडिया से बातचीत में कहा कि घटना गंभीर है और जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम के सहयोग से सभी साक्ष्य इकट्ठा किए जा रहे हैं, और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त तेज कर दी है और ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

घटना के बाद कसनिया गांव के लोग अब भी खौफ के साये में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि देर रात अचानक हुई गोलीबारी ने उन्हें हिला कर रख दिया। वहीं, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है, ताकि जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाई जा सके।

यह वारदात कटघोरा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts