
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एवन लॉज में हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम किसी अपराधी ने नहीं बल्कि महज 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने दिया था। पुलिस ने आरोपी बालिका को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मामला गंज थाना क्षेत्र के एवन लॉज का है। मृतक की पहचान मोहम्मद सद्दाम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और वर्तमान में अभनपुर स्थित एमएस इंजीनियरिंग में काम करता था।

जानकारी के मुताबिक, सद्दाम 27 सितंबर को बिलासपुर की रहने वाली अपनी नाबालिग प्रेमिका के साथ लॉज में रुका था। दोनों ने एक कमरा बुक किया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर नाबालिग ने धारदार हथियार से सद्दाम पर हमला कर दिया। वारदात के बाद वह कमरे को बाहर से लॉक करके मृतक का मोबाइल साथ लेकर बिलासपुर लौट गई।

घर पहुंचकर बालिका ने सारी घटना अपनी मां को बताई, जिसके बाद दोनों कोनी थाना पहुंचे और आत्मसमर्पण कर दिया। बिलासपुर पुलिस ने तत्काल रायपुर पुलिस को सूचना दी।

जब रायपुर पुलिस लॉज पहुंची तो कमरा बंद था। स्टाफ की मदद से दरवाजा खोला गया तो अंदर सद्दाम का शव खून से लथपथ हालत में मिला। गले पर धारदार हथियार के गहरे घाव थे। पुलिस ने बालिका से मोबाइल बरामद कर लिया है। कमरे की चाबी उसने रेलवे ट्रैक पर फेंक दी थी।

फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले ने शहर में हड़कंप मचा दिया है, क्योंकि इसमें आरोपी खुद एक नाबालिग प्रेमिका है।
