Saturday, February 14, 2026
Homeअन्य खबरेस्वास्थ्य मंत्री जायसवाल के जन्मदिन के विज्ञापन से PM मोदी की तस्वीर...

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल के जन्मदिन के विज्ञापन से PM मोदी की तस्वीर गायब! कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर ली चुटकी…

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के जन्मदिन पर छपे एक विज्ञापन ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। विवाद का कारण है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर का इस विज्ञापन में न होना।

विज्ञापन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें शामिल थीं, लेकिन पीएम मोदी का नाम और तस्वीर गायब रही। इस पर कांग्रेस के प्रवक्ता आरपी सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, “जायसवाल जी के जन्मदिन विज्ञापन से मोदी जी की तस्वीर गायब! लगता है छत्तीसगढ़ भाजपा में कोई ऐसा भी है, जो पीएम की परवाह नहीं करता।”

छत्तीसगढ़ में नेताओं के जन्मदिन पर विज्ञापन परंपरा रही है। इन विज्ञापनों में नेताओं की तस्वीरों का चयन, स्थान और आकार अक्सर राजनीतिक महत्व और संपर्क का संकेत माना जाता है। इस बार पीएम की तस्वीर का अभाव चर्चा का मुख्य विषय बन गया है और सवाल उठ रहा है कि क्या यह भाजपा के अंदरूनी समीकरणों में किसी तरह की खींचतान का संकेत है।

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने अभी इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि विज्ञापन उनके समर्थकों द्वारा तैयार किया गया था और पीएम की तस्वीर न होना केवल तकनीकी भूल थी। लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस विषय को लेकर बहस जारी है।

जन्मदिन के जश्न से ज्यादा अब यह चर्चा है कि आखिर इस विज्ञापन में प्रधानमंत्री की तस्वीर क्यों नहीं थी। इस साधारण दिखने वाले विज्ञापन ने छत्तीसगढ़ की सियासत में नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts