Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधजलकुंभी हटाते ही तैरता दिखा युवक की लाश, अचानक रुक गए नगर...

जलकुंभी हटाते ही तैरता दिखा युवक की लाश, अचानक रुक गए नगर पालिका के काम, लोगों में तरह-तरह की चर्चाएँ, पुलिस जांच में जुटी…

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नगर पालिका की टीम को तालाब की सफाई के दौरान एक युवक का शव दिखाई दिया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे 30 पर स्थित बांध तालाब में नगर पालिका के कर्मचारी JCB मशीन की मदद से जलकुंभी की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान घनी जलकुंभी के बीच एक शव तैरता हुआ नजर आया। तुरंत ही इसकी सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई।

कुछ ही देर बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नगर पालिका कर्मचारियों के साथ मिलकर शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव की पहचान कमल सिंह ठाकुर के रूप में की, जो कोंडागांव का ही रहने वाला बताया जा रहा है।

शराबखोरी से जुड़ी आशंका

स्थानीय सूत्रों और पुलिस जांच के आधार पर यह जानकारी सामने आई है कि मृतक शराब पीने का आदी था। संभावना जताई जा रही है कि नशे की हालत में वह तालाब के पास आया होगा और फिसलकर तालाब में गिर गया होगा। हालांकि, पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह केवल आशंका है। मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

तालाब की सफाई के दौरान खुला राज

नगर पालिका के एक कर्मचारी ने बताया कि सुबह से ही तालाब में मशीन की मदद से जलकुंभी हटाने का काम चल रहा था। तभी अचानक घनी झाड़ियों के बीच शव दिखाई दिया। पहले तो सभी कर्मचारी घबरा गए, लेकिन तुरंत ही पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद शव को बाहर निकाला गया।

पुलिस जांच जारी

फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक आखिरी बार कब और कहां देखा गया था।

यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। सुबह-सुबह तालाब से शव मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए थे। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts