
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहाँ एक शिक्षक द्वारा घरेलू काम करने आई 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ लगातार दुष्कर्म किए जाने का खुलासा हुआ है। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मामला पंजीबद्ध कर लिया है।

थाना सिटी कोतवाली में अप.क्र. 312/2025 के तहत बीएनएस की धारा 74, 75, 64 (2) (एम), 65 (1) एवं पॉक्सो अधिनियम की धारा 6, 8 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। एफआईआर दर्ज होते ही आरोपी शिक्षक गिरधारी राम यादव फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

पीड़िता का आरोप
16 वर्षीय छात्रा जशपुर के एक स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ जुलाई 2024 से आरोपी शिक्षक के घर घरेलू काम कर रही थी। इसी दौरान गिरधारी राम यादव ने घर में अकेला पाकर कई बार उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म किया। भय के माहौल में जी रही पीड़िता ने अंततः परिजनों के साथ थाने पहुँचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
एएसपी अनिल सोनी ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।
