
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार, 27 सितंबर को गणेश विसर्जन झांकी निकाली जाएगी। इसे लेकर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा व्यवस्था का पूरा खाका तैयार कर लिया है। झांकी के पूरे रूट को 20 सेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा में 5 पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी, 30 से ज्यादा राजपत्रित अधिकारी और करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

ड्रोन से होगी निगरानी, सादे कपड़ों में क्राइम टीम
संवेदनशील इलाकों, आउटर क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी। वहीं चाकूबाजों, शराबियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्राइम टीम के जवान सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे। हथियार लेकर घूमने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

समितियों को दिए गए ये निर्देश
पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों के साथ बैठक कर झांकी के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए। आयोजकों से निर्धारित रूट, समय और क्रम का पालन करने तथा झांकी को अनावश्यक रूप से नहीं रोकने को कहा गया है। पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने झांकी में नशे का सेवन नहीं करने, हथियार या धारदार वस्तु नहीं रखने और डीजे-धुमाल को निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित करने की हिदायत दी है। आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने को भी कहा गया है।

सदर बाजार के जर्जर भवन बने चिंता का कारण
बैठक में सदर बाजार क्षेत्र के जर्जर भवनों को लेकर भी चर्चा हुई। पुलिस, नगर निगम और SDRF ने झांकी के दौरान संभावित सुरक्षा जोखिमों की जानकारी आयोजकों को दी। सुरक्षा को देखते हुए झांकी का रूट बदलने का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन गणेश उत्सव समितियों ने प्रस्तावित रूट परिवर्तन पर असहमति जताई। इसके बाद आयोजकों से सुरक्षा संबंधी अन्य निर्देशों का पालन करने पर सहमति बनी। डीजे और धुमाल के बेस व वाइब्रेशन मोड को बंद रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि झांकी के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता होगी। इसके लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे रूट पर तैनात रहेंगी।
