
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र के महमंद स्थित लाल खदान तालाब में नहाने गए चार छात्र पवन, यश दुबे, उदयन और साईं के डूबने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रविवार शाम करीब 4 बजे हुए इस हादसे में दो छात्रों को स्थानीय लोगों ने समय रहते बचा लिया, जबकि तीसरे छात्र का शव देर शाम पानी से बरामद किया गया।

चौथे छात्र का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। उसे खोजने के लिए एसडीआरएफ टीम की तलाशी अभियान चला रही है और गोताखोर तालाब के गहरे हिस्सों में उसकी तलाश कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब में इससे पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों की कमी लगातार सवाल खड़े करती है। क्षेत्रवासियों ने कई बार नहाने पर रोक और बैरिकेडिंग की मांग उठाई, फिर भी प्रशासनिक लापरवाही के चलते हादसे थम नहीं रहे।
घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। परिजन चौथे छात्र के सुरक्षित मिलने की उम्मीद में तालाब किनारे व्याकुल होकर इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और भविष्य में कड़े सुरक्षा उपाय लागू करने की बात कही है।
