
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के नेशनल हाइवे पर स्थित एक मोबाइल शॉप में देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर दुकान के पीछे की ओर से शटर तोड़कर अंदर घुसा और लाखों रुपए के मोबाइल फोन पार कर दिए। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें आरोपी अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है।

घटना गुरुवार रात करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है, जब दुकान पूरी तरह बंद थी और भीतर कोई मौजूद नहीं था। इसी खाली मौके का फायदा उठाते हुए चोर अंदर दाखिल हुआ। फुटेज में यह भी दिख रहा है कि आरोपी दुकान में घुसने के बाद पहचान बचाने के लिए अपने कपड़े तक उतार देता है और आराम से चोरी करता है।
दुकान संचालक ने आशंका जताई है कि यह वारदात किसी ऐसे शख्स ने की है, जिसे दुकान की व्यवस्था और अंदरूनी जानकारी अच्छी तरह मालूम है। घटना की जानकारी उन्हें तब मिली जब दुकान के पीछे रहने वाले एक व्यक्ति ने सुबह फोन कर बताया कि शटर टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचकर दुकान संचालक ने देखा कि अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
चोर दुकान से ग्राहकों के मरम्मत हेतु रखे मोबाइल फोन भी ले गया है, जिनमें जरूरी और निजी डेटा मौजूद था। इससे दुकान संचालक की परेशानी बढ़ गई है, क्योंकि अब ग्राहक अपने डेटा की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अब देखना यह है कि पुलिस कितनी जल्दी चोर को पकड़ पाती है और मामले का खुलासा कर पाती है।
