
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में एक बार फिर चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। SECL हॉस्पिटल के पास शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक युवक ने समझाने आए दूसरे युवक पर अचानक हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी युवक काफी देर से नशे की हालत में आसपास के लोगों से बहसबाजी कर रहा था। तभी वहां मौजूद एक युवक ने उसे शांत रहने और हंगामा बंद करने की सलाह दी, जिस पर नशे में बेकाबू आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही पीड़ित खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर डायल 112 की टीम पहुंची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बिलासपुर रिफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इस बीच, हमले का पूरा घटनाक्रम पास के एक CCTV कैमरे में कैद हो गया है, जिसमें आरोपी युवक स्पष्ट रूप से चाकू से हमला करते दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। इलाके में अचानक हुई इस वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा को लेकर सवाल फिर खड़े हो गए हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
