
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक DGP और IGP का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में होने वाले इस उच्चस्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सहित देशभर के करीब 600 शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे।

पहले दिन दोपहर 2 बजे से शुरू होंगी बैठकें
सम्मेलन का शुभारंभ आज दोपहर 2 बजे होगा, जो रात 8 बजे तक चलेगा। गृह मंत्री अमित शाह शाम 3:20 बजे सत्र को संबोधित करेंगे। सभी राज्यों के गृह सचिव, डीजीपी और आईजी इस बैठक में शामिल रहेंगे।

रात में रायपुर पहुंचेंगे प्रधानमंत्री मोदी
गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार रात ही रायपुर पहुंच चुके हैं और वे वित्त मंत्री आवास M-11 में ठहरेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और NSA अजीत डोभाल आज देर रात रायपुर आएंगे। पीएम मोदी नए स्पीकर हाउस M-1 में रात्रि विश्राम करेंगे। शनिवार सुबह 8:30 बजे प्रधानमंत्री सम्मेलन में शामिल होंगे।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य
इस राष्ट्रीय सम्मेलन का मकसद देश की प्रमुख पुलिस चुनौतियों पर अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करना और ‘विकसित भारत’ की अवधारणा के अनुरूप ‘सुरक्षित भारत’ का खाका तैयार करना है।
बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा, आंतरिक स्थिति, खुफिया तंत्र को मजबूत करने और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
