
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र के अमरैया चौक में उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने मृतक की पहचान दादू देवांगन निवासी मुलमुला (बेमेतरा) के रूप में की है। दादू के परिजन भूकंप अटल आवास में रहते हैं, उसी के चलते वह अक्सर इस इलाके में आया-जाया करता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दादू देवांगन दोपहर में भी उसी स्थान पर बैठे हुए शराब पी रहा था। इसके बाद देर शाम वह संदिग्ध हालत में मृत पाया गया। प्रारंभिक जांच में अधिक शराब सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर यह पता लगाया जा रहा है कि दादू के साथ आखिरी बार कौन लोग मौजूद थे और क्या किसी प्रकार की झड़प या विवाद हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने देर रात गश्त बढ़ाने की मांग की है।
