
रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस सेवा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रखर पांडेय का आज शाम दुखद निधन हो गया। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें भिलाई से रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

वर्तमान में वे पुलिस मुख्यालय रायपुर में सीआईडी विभाग में उप पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ थे। अपने लंबे और अनुकरणीय सेवा काल में उन्होंने कबीरधाम, सूरजपुर और दुर्ग जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में जिम्मेदारियां निभाईं। इसके अलावा मुख्यमंत्री की सुरक्षा में भी वे तीन बार तैनात रहे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के तौर पर उन्होंने बिलासपुर और राजनांदगांव में भी सेवाएं दीं। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण एसोसिएशन सहित कई संगठनों और अधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
