Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधबिलासपुर में कोयला कारोबारियों पर फिर GST का शिकंजा, कई ठिकानों पर...

बिलासपुर में कोयला कारोबारियों पर फिर GST का शिकंजा, कई ठिकानों पर छापेमारी, कोल मिक्सिंग और टैक्स चोरी की आशंका, 27 करोड़ पहले ही कराए जा चुके हैं सरेंडर…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्टेट जीएसटी विभाग ने कोयला कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। 15 दिसंबर को जीएसटी की टीम ने एक बार फिर बड़े कोयला व्यापारियों के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान हिंद कोल ग्रुप के गतौरा, हिंडाडीह और बलौदा स्थित कोल वाशरी और कार्यालयों में दस्तावेजों की गहन जांच की गई। इस ग्रुप के डायरेक्टर राजेश अग्रवाल बताए जा रहे हैं।

इसी क्रम में इंद्रमनी ग्रुप के डायरेक्टर सुनील अग्रवाल के भी दो ठिकानों सहित कुल पांच जगहों पर जीएसटी की टीम ने दबिश दी। अधिकारियों ने लेन-देन, आय और टैक्स रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की।

दरअसल, दो दिन पहले ही स्टेट जीएसटी सेक्रेटरी मुकेश बंसल के निर्देश पर रायपुर से आई टीम ने महावीर कोल वाशरी, फील कोल और पारस कोल एंड बेनेफिशिएशन सहित तीन बड़े कोयला व्यापारियों के 11 ठिकानों पर छापा मारा था। इस कार्रवाई में एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे और विक्की जैन के परिवार से जुड़े कारोबारी समूह भी जांच के दायरे में आए थे।

सोमवार सुबह से देर रात तक चली जांच में अधिकारियों ने कोल कंपनियों के इनकम रिकॉर्ड और जीएसटी भुगतान का मिलान किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कई कंपनियों के कारोबार की तुलना में टैक्स भुगतान काफी कम था, जिससे टैक्स चोरी और अनियमितता की आशंका गहराई।

कोल वाशरी में मिक्सिंग और टैक्स हेराफेरी का शक

जीएसटी अधिकारियों को शुरुआती जांच में कोल वाशरी में बड़े पैमाने पर कोल मिक्सिंग और टैक्स में हेराफेरी के संकेत मिले हैं। टैक्स बचाने के लिए अलग-अलग तरीकों से लेन-देन दिखाए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, रेड के दौरान अधिकारी फिलहाल कोई आधिकारिक बयान देने से बचते नजर आए।

सूत्रों के मुताबिक, शहर के तीन बड़े कोयला कारोबारी लंबे समय से जीएसटी विभाग की सीधी निगरानी में थे। इनका कारोबार देश के कई राज्यों तक फैला हुआ है। आय और टैक्स में भारी अंतर मिलने के बाद रायपुर से विशेष टीम भेजकर कार्रवाई की गई।

डर के साए में सरेंडर, 27.50 करोड़ जमा

जीएसटी की सख्त कार्रवाई के बाद तीन बड़े कोयला कारोबारियों ने अब तक कुल 27 करोड़ 50 लाख रुपए सरेंडर कर दिए हैं।

  • महावीर कोल वाशरी ने 10 करोड़ रुपए
  • फील ग्रुप ने 11 करोड़ रुपए
  • पारस कोल वाशरी ने 6 करोड़ 50 लाख रुपए

बताया जा रहा है कि महावीर कोल वाशरी का संबंध अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और विक्की जैन के परिवार से है। जीएसटी विभाग की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts