
दुर्ग। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच दुर्ग जिले से एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में रेत से भरे हाइवा ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है।

यह हादसा गुरुवार 18 दिसंबर की सुबह सोमनी–भिलाई 3 मुख्य मार्ग पर मेहंदीबाड़ी के पास हुआ। तेज रफ्तार हाइवा ट्रक और बाइक की जोरदार भिड़ंत इतनी भयावह थी कि बाइक सवार युवक और युवती की मौके पर ही जान चली गई।

मृतकों की पहचान पाटन फुंडा निवासी सुमित बंजारे (25) और गनियारी निवासी भूमिका बंजारे (24) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में सोनेज सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर हालत नाजुक होने पर रायपुर एम्स रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि भूमिका बंजारे और सोनेज सोनकर नौकरी के सिलसिले में भिलाई 3 गई थीं। लौटते समय दोनों सुमित से लिफ्ट लेकर गनियारी जा रही थीं, तभी यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद सुमित और भूमिका की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। बताया जा रहा है कि सुमित बंजारे की कुछ दिन पहले ही सगाई हुई थी, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।
