
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक चौंकाने वाली और गंभीर घटना सामने आई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती के जनरल वार्ड में अचानक आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व उनके परिजनों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही वार्ड में आग लगी और युवक को जलते देखा गया, वहां मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ देर के लिए अस्पताल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही सक्ती थाना प्रभारी लखन पटेल पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए क्षेत्र को सुरक्षित किया। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृत युवक की पहचान नहीं हो पाई है। आग लगने के कारणों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

पुलिस अस्पताल प्रबंधन, ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इस दर्दनाक घटना से न केवल अस्पताल बल्कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
