Homeअपराधबिलासपुर में जन्मदिन की पार्टी में बवाल: VIDEO; तेज आवाज में ढोल-नगाड़े...

बिलासपुर में जन्मदिन की पार्टी में बवाल: VIDEO; तेज आवाज में ढोल-नगाड़े और पटाखों का विरोध करने पहुंचे जज, परिवार से मारपीट का आरोप; काउंडर FIR

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जन्मदिन की पार्टी के दौरान देर रात तक ढोल-नगाड़े बजाने और पटाखे फोड़ने को लेकर जमकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि महासमुंद के कुटुंब न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी और उनके परिवार के साथ कथित तौर पर मारपीट हो गई। न्यायाधीश की शिकायत में प्रॉपर्टी डीलर अभय बरुआ और उसके साथियों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। वहीं, पार्टी में शामिल अभय बरुआ के दोस्त विनय वैद्य ने भी न्यायाधीश और उनके परिवार पर मारपीट करने तथा कार चढ़ाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने काउंटर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देर रात शोर से खुली नींद, समझाइश देने पहुंचे जज

घटना 31 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे राजकिशोर नगर के जूनियर एमआईजी इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर पत्नी और परिजनों के साथ अपने ससुराल आए हुए थे। रात में परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में जन्मदिन की पार्टी के चलते तेज आवाज में ढोल-नगाड़े बजने और पटाखे फोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया। शिकायत के अनुसार, करीब 45 मिनट तक लगातार शोर होता रहा, जिससे घर में मौजूद बच्चे और बुजुर्ग भी परेशान हो गए। इसके बाद न्यायाधीश शोर बंद कराने और समझाइश देने के लिए घर से बाहर पहुंचे। वहां करीब 100 से 200 लोगों की भीड़ मौजूद थी।

विरोध करने पर विवाद, जज और परिवार से मारपीट का आरोप

न्यायाधीश का आरोप है कि उन्होंने देर रात तेज आवाज में नगाड़े बजाने और पटाखे फोड़ने से मना किया तो अभय बरुआ और उसके साथियों ने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते गाली-गलौज और धक्का-मुक्की होने लगी। आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।विवाद की जानकारी मिलने पर उनकी पत्नी आकांक्षा सोनवानी, साला अभिषेक भारद्वाज, सास नीरा भारद्वाज और साले की पत्नी गुरप्रीत कौर भारद्वाज भी मौके पर पहुंचे। न्यायाधीश की शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने उनके परिजनों को भी घेरकर हाथ-मुक्कों से पीटा। इस दौरान उनकी शर्ट के बटन टूट गए, जबकि पत्नी और साले का चश्मा छीनने का भी आरोप लगाया गया है।

दूसरे पक्ष की कहानी भी सामने आई, जज पर लगाए गंभीर आरोप

मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। मगरपारा निवासी विनय वैद्य (34) ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त अभय बरुआ के घर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था। इसी दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद शुरू हुआ। विनय का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली आकांक्षा सोनवानी वहां पहुंचीं और अपने पति के न्यायाधीश होने का हवाला देते हुए गाली-गलौज करने लगीं। इसके बाद उन्होंने अपने पति को बुलाया। विनय के मुताबिक, न्यायाधीश हाथ में लाठी लेकर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। उसने यह भी आरोप लगाया कि बाद में अभिषेक भारद्वाज को बुलाया गया, जो कार लेकर मौके पर पहुंचा। आरोप है कि उसने जान से मारने की नीयत से कार चढ़ाने की धमकी दी। इस घटना में विनय के कंधे, पीठ और अंगूठे में चोट आने की बात शिकायत में कही गई है।

दोनों पक्षों की FIR, पुलिस जांच में जुटी

इस पूरे विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। सरकंडा पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर काउंटर FIR दर्ज कर ली है। अब पुलिस घटना के दौरान मौजूद लोगों, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts