
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 2025 की विदाई और 2026 के स्वागत को लेकर पूरे प्रदेश में जोरदार जश्न देखने को मिला। रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर और दुर्ग-भिलाई समेत कई शहरों में देर रात तक लोग न्यू ईयर सेलिब्रेशन में डूबे रहे। जैसे ही घड़ी ने रात 12 बजाए, हर तरफ ‘हैप्पी न्यू ईयर’ की गूंज सुनाई दी। नए साल के पहले दिन यानी आज भी उत्साह का माहौल बना हुआ है।

हालांकि जश्न के बीच रायपुर में माहौल उस वक्त बिगड़ गया, जब न्यू ईयर पार्टी के दौरान युवकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि करीब आधा दर्जन युवक एक युवक को लात-घूंसे और मुक्कों से पीटते नजर आ रहे हैं, जबकि मौके पर मौजूद युवतियां बीच-बचाव करती दिख रही हैं। विवाद किस बात को लेकर और कहां हुआ, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है।

दूसरी ओर, राजधानी रायपुर के कई होटलों, क्लबों और पबों में न्यू ईयर पार्टियों का आयोजन किया गया। वीआईपी रोड स्थित क्लबों में सबसे ज्यादा भीड़ और रौनक देखने को मिली। वहीं बिलासपुर और दुर्ग में भी 31 दिसंबर की रात होटल और रेस्टोरेंट DJ की धुनों पर झूमते नजर आए।
प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का कई जगहों पर पालन नहीं होता दिखा। होटल, रेस्तरां और फार्म हाउसों में रात 10:30 बजे के बाद भी डीजे बजते रहे। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के तहत 26 स्थानों पर करीब 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

इसी बीच जश्न के दौरान रायपुर के गुढियारी इलाके में एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे नए साल की खुशियों के बीच एक दुखद खबर भी सामने आई।
