
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पैलीमेटा गांव के दारू भट्टी रोड के पास सड़क किनारे एक मानव कंकाल मिलने की जानकारी सामने आई। कंकाल मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। अचानक हुई इस घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।

मामले की सूचना मिलते ही मोहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और आगे की जांच के लिए पोस्टमार्टम भेज दिया। इसके साथ ही आसपास के गांवों में लापता लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि पैलीमेटा गांव का ही एक व्यक्ति पिछले कई महीनों से लापता है। ऐसे में कंकाल मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि यह उसी लापता व्यक्ति का हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। कंकाल मिलने की खबर से परिजन सदमे में हैं और गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। शव की पहचान और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
