
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार कार मुरुम लोड हाईवा से जा टकराई, जिसमें कार सवार युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सरकंडा थाना क्षेत्र के नूतन चौक के पास हुआ।

मृतकों की पहचान हिमांशु राठौर (22) और अंशु चंद्रा (21) के रूप में हुई है। दोनों जांजगीर-चांपा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सवार युवक शराब के नशे में थे।

ब्रेक लगते ही बेकाबू हुई कार
पुलिस के अनुसार, चारों युवक-युवती शराब पार्टी के बाद कोरबा पासिंग कार (CG 12 AU 0995) से घूमने निकले थे। रात करीब 11:30 बजे कार नूतन चौक के पास पहुंची, जहां तेज रफ्तार में अचानक ब्रेक लगने से कार अनियंत्रित होकर घूम गई और सामने से आ रही मुरुम लोड हाईवा से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ड्राइवर के बगल में बैठी युवती अंशु चंद्रा डैशबोर्ड से टकराकर अंदर ही फंस गई, जबकि कार चला रहा हिमांशु राठौर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे का LIVE वीडियो आया सामने
इस हादसे का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार तेज रफ्तार में यू-टर्न लेते हुए फिल्मी अंदाज़ में हाईवा से टकराती नजर आ रही है। वीडियो ने हादसे की भयावहता को साफ दिखा दिया है।

कार में फंसे शव और घायल, कड़ी मशक्कत के बाद निकाले गए बाहर
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या ने बताया कि कार में सभी लोग बुरी तरह फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शवों और घायलों को बाहर निकाला गया। घायल आनंद चंद्रा और नीरज दुबे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके पर मची अफरा-तफरी, लगा जाम
हादसे के बाद नूतन चौक पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और यातायात बहाल कराया।
पुलिस जांच जारी
बिलासपुर सिटी एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंपा जाएगा। हाईवा और कार को जब्त कर लिया गया है। हाईवा चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों की लापरवाही सामने आई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
