Tuesday, February 10, 2026
Homeअपराधप्यार, पैसों और पार्टी का खेल: घर की भतीजी निकली 50 लाख...

प्यार, पैसों और पार्टी का खेल: घर की भतीजी निकली 50 लाख की चोर! बॉयफ्रेंड संग उड़ाए पैसे, खरीदी लग्जरी कार, भतीजी-बॉयफ्रेंड समेत 5 आरोपी गिरफ्तार…

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सामने आई एक बड़ी चोरी की वारदात ने सभी को हैरान कर दिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि करीब 50 लाख रुपये से अधिक की चोरी किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि घर की ही भतीजी ने अपने बॉयफ्रेंड और दोस्तों के साथ मिलकर अंजाम दी थी।

चोरी की रकम से आरोपियों ने रायपुर, जशपुर और झारखंड में जमकर पार्टी की, लग्जरी होटल में रुके और यहां तक कि 25 लाख की महंगी कार भी खरीद ली। पुलिस ने इस मामले में युवती, उसके बॉयफ्रेंड समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ऐसे खुला चोरी का मामला

दरअसल, 6 दिसंबर 2025 को ग्राम केराडीह रैनीडांड निवासी सुषमा निकुंज ने थाना नारायणपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पुराने घर से नगदी, सोने के सिक्के और जेवरात गायब हैं। जब घर के अंदर जांच की गई तो कमरे का कुंडा टूटा मिला और दीवान में रखी अटैची से करीब 15 लाख नगद और कीमती आभूषण चोरी हो चुके थे।चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 35 लाख से अधिक आंकी गई। शक की सुई घर में आने-जाने वाली भतीजी मिनल निकुंज पर गई, जिससे पूछताछ करने पर उसने चोरी की बात कबूल कर ली।

बॉयफ्रेंड के उकसावे में दिया वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि मिनल निकुंज ने अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान के साथ मिलकर पहले छोटी रकम चुराई और जब किसी को भनक नहीं लगी तो लालच बढ़ता चला गया। 20 मई 2025 को वह पूरा सूटकेस ही घर से उठा लाई, जिसमें नगद और सोने की बिस्किट व जेवरात रखे थे।

जन्मदिन पर रायपुर में उड़ाए 5 लाख

चोरी के पैसों से 21 मई को मिनल के जन्मदिन पर सभी आरोपी रायपुर पहुंचे, जहां एक विला बुक कर दो दिन में करीब 5 लाख रुपये मौज-मस्ती में खर्च कर दिए। इसके बाद सोने की बिस्किट ओडिशा के राउरकेला में बेचकर 8 लाख रुपये हासिल किए।

झारखंड के होटल से गिरफ्तारी

लगातार फरार चल रहे आरोपियों को पुलिस ने झारखंड के रांची स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी की रकम से खरीदी गई लग्जरी कार, आईफोन, मोबाइल फोन, सोने की बिस्किट, मंगलसूत्र और नकदी बरामद की गई।

51 लाख से अधिक का माल जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 51 लाख 82 हजार रुपये कीमत का सामान जब्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

SSP का बयान

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि यह मामला घर के अंदर विश्वास तोड़ने वाली चोरी का है। पुलिस ने समय रहते बड़ी बरामदगी कर ली है और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts