
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय में शनिवार रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार्यालय के अंदर रखे कई अहम शासकीय दस्तावेज पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित डीईओ कार्यालय की है। शनिवार देर रात कार्यालय के स्टोर रूम से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत भवन से बाहर निकलकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

जानकारी के मुताबिक, आग कार्यालय के स्टोर रूम में लगी थी, जहां बड़ी मात्रा में महत्वपूर्ण शासकीय रिकॉर्ड सुरक्षित रखे गए थे। आग की चपेट में आकर कई स्कूलों से संबंधित फाइलें, मध्यान्ह भोजन योजना के दस्तावेज, अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े रिकॉर्ड, स्कूल मान्यता संबंधी कागजात और विभिन्न शिकायत फाइलें जलकर खाक हो गईं।

आग की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। एहतियातन आसपास के लोगों को भी सुरक्षित स्थान पर भेजा गया और पूरे कार्यालय परिसर को खाली कराया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस आगजनी की घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। महत्वपूर्ण दस्तावेजों के नष्ट होने से कई लंबित मामलों और विभागीय जांचों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।
