
कोरिया। छत्तीसगढ़ कोरिया जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए महिला डांसर के कथित अश्लील डांस और नोट उड़ाने के वीडियो मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। राजधानी G न्यूज द्वारा प्रमुखता से खबर प्रसारित किए जाने के बाद जनपद पंचायत सोनहत ने संबंधित रोजगार सहायक को पद से हटा दिया है।

क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, सोनहत ब्लॉक के पोड़ी क्षेत्र में एक स्कूल परिसर में नाचा मंडली का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंचे थे। इसी दौरान मंच पर महिला डांसर के डांस के बीच वहां मौजूद एक रोजगार सहायक द्वारा नोट उड़ाने का वीडियो सामने आया।
बताया जा रहा है कि महिला डांसर को कोरबा से बुलाया गया था। कार्यक्रम का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद यह मामला तूल पकड़ गया।
राजधानी G न्यूज की खबर के बाद प्रशासन हरकत में
वीडियो वायरल होने और राजधानी G न्यूज में खबर प्रसारित होने के बाद जनपद पंचायत सोनहत ने मामले को गंभीरता से लिया। जांच में प्रथम दृष्टया यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत कदाचार की श्रेणी में पाया गया।
रोजगार सहायक जिंदर साय सोनवानी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक करने (हटाने) का आदेश जारी कर दिया गया।

सोशल मीडिया पर बढ़ा आक्रोश
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर कड़ी नाराज़गी जताई और सरकारी कर्मचारी के आचरण पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। स्थानीय स्तर पर भी इस घटना को लेकर चर्चा तेज रही।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी प्रदेश के अन्य जिलों से इसी तरह के वीडियो सामने आ चुके हैं—
- गरियाबंद (देवभोग): डांस कार्यक्रम के वायरल वीडियो में एसडीएम का नाम सामने आया था, जिसके बाद जांच कर उन्हें निलंबित किया गया।
- सूरजपुर: वन विभाग के रेस्ट हाउस में डांस वीडियो वायरल होने पर संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई थी।
प्रशासन का संदेश साफ
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बीच कोरिया प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी कर्मचारियों के लिए सख्त संदेश माना जा रहा है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में अनुशासनहीनता और अशोभनीय आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
