Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधसड़क पर अचानक आया कुत्ता..! बचाने की कोशिश में पलटी कार..! व्यापारी...

सड़क पर अचानक आया कुत्ता..! बचाने की कोशिश में पलटी कार..! व्यापारी की मौत, शिक्षक पत्नी व बच्चे घायल..!

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में एक संवेदनशील लेकिन दुखद सड़क हादसा सामने आया है। सड़क पर अचानक आए एक कुत्ते को बचाने की कोशिश में कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 42 वर्षीय व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

लोगों ने तोड़ा शीशा, तब निकाले गए घायल

घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। कार पलटने से सभी अंदर फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए कार का शीशा तोड़ा और घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक चालक भूपेंद्र गुप्ता दम तोड़ चुके थे।

मृतक भूपेंद्र गुप्ता (व्यापारी) फाइल फोटो
मृतक भूपेंद्र गुप्ता (व्यापारी) फाइल फोटो

परिवार के साथ लौट रहे थे घर

मृतक भूपेंद्र गुप्ता देवरी पासौद गांव के निवासी थे और किराना दुकान चलाते थे। उनकी पत्नी मुक्त गुप्ता राघोनावागांव के सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। सोमवार को पूरा परिवार बालोद में एक रिश्तेदार के घर गया था और मंगलवार को लौटते समय संबलपुर नर्सरी के पास यह हादसा हो गया।

अचानक सामने आ गया कुत्ता, पलट गई कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के सामने अचानक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के लिए चालक ने वाहन मोड़ा, जिससे गाड़ी संतुलन खो बैठी और पलट गई। हादसे में पत्नी और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस जांच शुरू

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

ऐसी स्थिति में क्या करें? (सड़क सुरक्षा सलाह)

  • अचानक सामने कोई जानवर आ जाए तो घबराकर स्टीयरिंग न मोड़ें।
  • जोर से ब्रेक लगाएं, लेकिन वाहन को सीधी दिशा में नियंत्रित रखने की कोशिश करें।
  • स्टीयरिंग पर मजबूत पकड़ रखें, झटका देकर मोड़ना गाड़ी पलटने का बड़ा कारण बनता है।
  • हमेशा सीट बेल्ट लगाकर चलें — यही कई बार जान बचाती है।
  • रिहायशी या ग्रामीण इलाकों में रफ्तार कम रखें।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts