
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी बायपास के पास ट्रक और कार की जोरदार टक्कर में CRPF के तीन जवानों सहित कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है।

ट्रक से पीछे से टकराई जवानों की कार
जानकारी के अनुसार, जगदलपुर स्थित 201 बटालियन से CRPF के जवान कार से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खपरी बायपास पर उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सामने चल रही ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

मृतकों की हुई पहचान
हादसे में मौके पर ही कुछ जवानों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, SI उमेंद्र सिंह, कांस्टेबल राजकुमार गौड़ और वाहन चालक हीरालाल नागर के रूप में हुई है।

क्रेन और कटर से निकाले गए घायल
हादसे के बाद कार में फंसे जवानों को निकालने के लिए क्रेन और कटर की मदद लेनी पड़ी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को तत्काल अस्पताल भिजवाया। एक जवान की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में कार द्वारा ट्रक को पीछे से टक्कर मारने की बात सामने आ रही है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
