Sunday, March 1, 2026
Homeअन्य खबरेबिलासपुर के गजमोहिनी अपार्टमेंट में भीषण आग, इलेक्ट्रॉनिक गोदाम खाक — दीवार...

बिलासपुर के गजमोहिनी अपार्टमेंट में भीषण आग, इलेक्ट्रॉनिक गोदाम खाक — दीवार तोड़कर घुसी फायर टीम, 10 दमकल ने पाया काबू…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के मंगला क्षेत्र स्थित गजमोहिनी अपार्टमेंट में रविवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित एक इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे परिसर में दहशत फैल गई।

सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच गोदाम कर्मचारियों ने धुआं उठते देखा। शुरुआत में मामूली नजर आने वाला धुआं देखते ही देखते आग में तब्दील हो गया। स्थिति बिगड़ती देख अपार्टमेंट के रहवासी तुरंत बाहर निकल आए और एहतियातन पूरी बिल्डिंग खाली करा दी गई। इस अपार्टमेंट में कुल 48 फ्लैट हैं, हालांकि घटना के समय कितने परिवार मौजूद थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

आसपास के लोगों ने प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन पर्याप्त पानी और संसाधनों की कमी के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने के लगभग एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार गोदाम बड़ा था और अंदर जाने का रास्ता सीमित होने से राहत कार्य में दिक्कत आई। घना धुआं और अत्यधिक गर्मी के कारण दमकल कर्मियों को दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। इसके बाद आग पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सका।

हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts