
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक शिक्षक की शर्मनाक हरकत सामने आई है। महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला वाड्रफनगर कोतवाली क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बरती कला कन्या माध्यमिक स्कूल में पदस्थ शिक्षक महिला को घर में अकेला देखकर गलत नीयत से उसके घर में घुस गया। बताया जा रहा है कि वह महिला के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अचानक महिला का पति घर पहुंच गया।

पति ने कमरे में आरोपी शिक्षक को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। आरोपी के भागने की आशंका को देखते हुए उसने तुरंत कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया।

पीड़ित महिला के पति ने पुलिस को बताया कि आरोपी शिक्षक पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है, लेकिन बदनामी के डर से उन्होंने शिकायत नहीं की थी। इस बार घटना सामने आने के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में काफी आक्रोश है और ग्रामीण आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
