
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला स्थित मेटल पार्क क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक कंकाल बरामद हुआ। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर तुरंत पुलिस और जांच एजेंसियों की टीम पहुंच गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कंकाल की पहचान दिलीप (उम्र लगभग 45-50 वर्ष) के रूप में होने की आशंका जताई जा रही है, जो करीब एक महीने पहले लापता हो गया था। इस संबंध में पहले ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच, स्थानीय थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

उरला थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल कंकाल मिलने के बाद पहचान और मौत के कारणों की पुष्टि के लिए जांच जारी है।

फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
