जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा नगर पालिका में एक तालाब को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। भीषण गर्मी के बीच जल संरक्षण की जरूरत के समय गोपिया तालाब को सुखाने के आरोप में नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षद के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

अकलतरा नगर पालिका के सीएमओ ने अध्यक्ष दीप्ती रोहित सारथी, पार्षद विवेक सिंह और रुखमणी पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सीएमओ का कहना है कि बिना शासन की अनुमति और बिना परिषद की मंजूरी के जेसीबी मशीन के जरिए गोपिया तालाब को तोड़कर उसका पानी बहाया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि इस दौरान वार्ड के लोगों और अन्य पार्षदों ने इसका विरोध किया और काम रुकवाने की कोशिश भी की। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि तालाब का पानी बहाने से क्षेत्र का जलस्तर गिर सकता है, जिससे नल जल आपूर्ति बंद होने के साथ ही पेयजल और दैनिक उपयोग के पानी की समस्या खड़ी हो सकती है।

सीएमओ ने यह भी बताया कि पहले भी अध्यक्ष को समझाकर इस काम को रुकवाया गया था, लेकिन दोबारा मनमानी करते हुए तालाब को नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद मजबूरन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले को लेकर सीएसपी योगीता खापर्डे ने बताया कि सीएमओ की शिकायत पर अकलतरा थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
