
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में आवारा मवेशियों का खतरा एक बार फिर सामने आया है। सरकंडा क्षेत्र में एक बेकाबू सांड ने सरेआम सड़क पर दहशत फैला दी। पैदल जा रहे एक अधेड़ व्यक्ति पर सांड ने अचानक हमला कर दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अधेड़ व्यक्ति अपने काम से कहीं जा रहा था, तभी अचानक सांड ने उसे निशाना बना लिया। सांड ने पहले उसे दौड़ाया और फिर सींगों में उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया। इस हमले में अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ देर तक वहीं तड़पता रहा।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए सांड को मौके से भगाया और घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा मवेशियों का आतंक बना हुआ है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश है और उन्होंने नगर निगम व प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
