
रायपुर। छत्तीसगढ़ में हुक्का पर प्रतिबंध के बावजूद राजधानी रायपुर में एक फार्महाउस में आयोजित हुक्का पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल क्लिप में युवक-युवतियां बॉलीवुड गानों पर डांस करते हुए हुक्का पीते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो वीआईपी रोड स्थित विशाल नगर के एक फार्महाउस का है, जहां 8 अप्रैल को प्राइवेट इवेंट रखा गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए और देर रात तक पार्टी चलती रही। इसी दौरान हुक्का का इस्तेमाल करते हुए रील भी बनाई गई, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।

मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। इंडियन नेशनल कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में नशाखोरी को बढ़ावा मिल रहा है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
इधर, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद इस तरह के आयोजन होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता और आयोजन से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में साल 2023 से हुक्का बेचने और परोसने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने के साथ-साथ सख्त सजा का भी प्रावधान है। ऐसे में अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के बाद पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है।
