
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur में शुक्रवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। एक ओर माना थाना में पदस्थ एक आरक्षक की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्षद अमित दास का मध्यप्रदेश के कान्हा किसली में हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस और राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है।

स्विमिंग पूल में मिली कांस्टेबल की लाश
जानकारी के मुताबिक, माना थाना में पदस्थ आरक्षक रमाकांत सिंह अपने दोस्तों के साथ वीआईपी रोड स्थित एक फार्म हाउस गए थे। शाम के दौरान अचानक उनकी लाश स्विमिंग पूल में मिली। साथियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। आरक्षक की अचानक मौत से परिवार सदमे में है, वहीं माना थाना के पुलिसकर्मियों में भी शोक व्याप्त है। फिलहाल पुलिस मृतक के साथ मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
कांग्रेस पार्षद अमित दास का निधन
दूसरी घटना में कांग्रेस पार्षद अमित दास की मध्यप्रदेश के कान्हा किसली नेशनल पार्क में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे दोस्तों के साथ घूमने गए थे और एक रिजॉर्ट में ठहरे हुए थे। गुरुवार को स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे बेहोश होकर गिर पड़े।
दोस्तों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
अमित दास Amit Das संतोषी नगर क्षेत्र के मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड से तीन बार पार्षद रह चुके थे। वे पूर्व में एमआईसी सदस्य भी रहे और कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनके निधन के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है।
परिजनों के अनुसार, उनकी अंतिम यात्रा आज दोपहर लक्ष्मी नगर स्थित निवास से गोकुल नगर मठपुरेना के लिए निकाली जाएगी।
