
सक्ती/बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में शराब कारोबार को लेकर एक के बाद एक चौंकाने वाले मामले सामने आ रहे हैं। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सेल्समैन के घर से कथित नकली शराब बनाने का कारखाना पकड़े जाने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि सक्ती जिले के डभरा स्थित सरकारी शराब दुकान से खरीदी गई सीलपैक देशी शराब की बोतल में कीड़ा मिलने का मामला सामने आ गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सीलबंद देशी शराब की बोतल के अंदर कीड़ा दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। घटना सामने आने के बाद शराब उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है और शराब की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

इधर, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम संडी में हाल ही में हुए खुलासे ने भी शराब कारोबार पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने शराब दुकान से जुड़े दो युवकों को झोले में शराब ले जाते हुए पकड़ा था। पूछताछ में उन्होंने कथित तौर पर शराब दुकान के सेल्समैन के घर से शराब लाने की बात कही थी।
इसके बाद ग्रामीण जब संबंधित सेल्समैन के घर पहुंचे तो वहां बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें, ब्रांडेड स्टीकर, ढक्कन और अन्य संदिग्ध सामग्री मिलने का दावा किया गया। सूचना पर पहुंची आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में सामग्री जब्त की और सेल्समैन सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
अब सीलपैक बोतल में कीड़ा मिलने की घटना ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। लोगों का कहना है कि शराब की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। आबकारी विभाग दोनों मामलों की जांच में जुटा हुआ है।
