
रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बढ़ते अपराध के बीच सोमवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के दौरान लूट का शिकार हो गए। बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गए।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी ब्रिज के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह धरमलाल कौशिक रोज की तरह टहलने निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर पहुंचे बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि वे संभल भी नहीं पाए।

घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के साथ लूट की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और जांच शुरू की गई।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का दावा है कि बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बता दें कि धरमलाल कौशिक छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। वे बिल्हा विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक रह चुके हैं और संगठन में भी कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
