
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र स्थित घमनी गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। स्कूल जा रहे एक हेडमास्टर की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं हत्या की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजनों ने हत्या के संदेह में आरोपियों के घर में आग लगा दी, जिससे गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

मृतक की पहचान जयकरन जगते के रूप में हुई है, जो घमनी-कुमीहा स्थित शासकीय विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह वे रोज की तरह अपने विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और गला रेतकर उनकी हत्या कर दी। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

इधर, हेडमास्टर की हत्या से गुस्साए परिजन और ग्रामीण उग्र हो गए। उन्होंने हत्या के संदेह में आरोपियों के घर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। किसी बड़ी अप्रिय घटना से बचने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस ने मामले में संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के वास्तविक कारण और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
