
बिलासपुर/बिल्हा। नई दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेशव्यापी एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया। इसी क्रम में बिलासपुर जिले के बिल्हा ब्लॉक में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा और छात्र शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों के मुद्दों पर आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रख रहे छात्रों और युवाओं पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उनका कहना था कि सरकार को विरोध करने वालों पर कार्रवाई करने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक ने कहा कि देश में परीक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर तत्काल वापस लेने की भी मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास जारी रहा तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करेगी। प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने छात्रों के अधिकारों की रक्षा और न्याय की लड़ाई को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
