Homeअपराधपुरानी दुश्मनी में किसान की हत्या, सैर पर निकले युवक को लाठी-डंडों...

पुरानी दुश्मनी में किसान की हत्या, सैर पर निकले युवक को लाठी-डंडों से पीटकर उतारा मौत के घाट; दो आरोपी गिरफ्तार…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक किसान की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव में सैर करने निकले किसान पर दो युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने कुछ ही घंटों में दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम खुरदुर निवासी सिदेशी उर्फ बोधन बघेल (42) खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार शाम वह रोजाना की तरह टहलने निकला था। इसी दौरान उसकी मुलाकात गांव के अंकुश रजक और निखिल यादव (निवासी कलारतराई) से हुई। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई।

आरोप है कि अंकुश और निखिल ने बोधन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वह सड़क पर ही गिर पड़ा। स्थानीय लोग और परिजन जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं दोनों आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गए।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि मृतक और आरोपियों के बीच काफी समय से आपसी विवाद और रंजिश चली आ रही थी। आशंका है कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय, थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पहले मुख्य आरोपी अंकुश रजक को गिरफ्तार किया गया, जबकि बाद में दूसरे आरोपी निखिल यादव को भी दबोच लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts