
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित प्रेस क्लब में सदस्यता विवाद को लेकर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि सदस्यता नहीं मिलने से नाराज पलाश तिवारी ने प्रेस क्लब के पदाधिकारियों से बदसलूकी की और उन पर पिस्टल तान दी। इसके बाद उसने कथित तौर पर हवा में गोली चलाई। घटना के बाद पत्रकारों के बीच हड़कंप मच गया। शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सदस्यता को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, पलाश तिवारी प्रेस क्लब की सदस्यता नहीं मिलने से नाराज था। शनिवार, 24 अक्टूबर को वह प्रेस क्लब पहुंचा और पदाधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करने लगा। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि उसने प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष दिनेश यदु और कार्यालय सचिव शिव दत्ता पर पिस्टल तान दी। इसके बाद शाम करीब 5 बजे हवाई फायरिंग की घटना हुई।

शिकायत में धमकी देने का भी आरोप
घटना के बाद प्रेस क्लब की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में बताया गया कि 24 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे परिसर में हवाई फायरिंग की सूचना मिली थी। इस घटना से प्रेस क्लब में भय का माहौल बना और परिसर की शांति भंग हुई। शिकायत में पलाश तिवारी पर पिस्टल से हवाई फायरिंग करने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

देर रात पुलिस ने किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पलाश तिवारी को देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पत्रकारों की सुरक्षा पर उठे सवाल
प्रेस क्लब जैसे पत्रकारों के प्रमुख संस्थान में कथित तौर पर पिस्टल तानने और हवाई फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सदस्यता को लेकर शुरू हुआ विवाद हथियार के इस्तेमाल तक कैसे पहुंचा, यह जांच का विषय है। पुलिस की जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
