Homeअन्य खबरेमहंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का बिगुल, 2 अगस्त...

महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का बिगुल, 2 अगस्त से घर-घर पहुंचकर भरवाए जाएंगे शिकायत फॉर्म…

बिलासपुर। 01 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर और 400 यूनिट तक आधा बिजली बिल योजना को फिर से लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत कर दी है। बिलासपुर के कांग्रेस भवन में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने आंदोलन की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि 2 अगस्त से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर आम लोगों की शिकायतें दर्ज करेंगे और फॉर्म भरवाएंगे।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता को राहत देने के बजाय महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर जैसी नीतियों के जरिए आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद मनमाने बिजली बिल, पारदर्शिता की कमी और उपभोक्ताओं के आर्थिक शोषण की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। आंदोलन के तहत कांग्रेस की प्रमुख मांगें हैं कि बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस ली जाए, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया बंद की जाए और 400 यूनिट तक आधा बिजली बिल योजना को दोबारा लागू किया जाए।

प्रेसवार्ता में सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है और स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता खत्म कराने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्तर पर स्मार्ट मीटर को अनिवार्य नहीं बताया जा रहा है, जबकि राज्य के अधिकारी इसे जरूरी बता रहे हैं। यह विरोधाभास जनता के बीच भ्रम पैदा कर रहा है। उन्होंने शिकायतों के लिए एक व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया, जिस पर शिकायत मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता संबंधित उपभोक्ता के घर पहुंचकर उनकी समस्या सुनेंगे और आवश्यक फॉर्म भरवाएंगे।

ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि सरकार ने बिना व्यापक जनसुनवाई के स्मार्ट मीटर लागू कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों के पास एंड्रॉयड मोबाइल नहीं है, वे डिजिटल माध्यम से बिजली बिल कैसे प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से बड़ी संख्या में उपभोक्ता परेशान हैं और कांग्रेस उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी।

कांग्रेस के अनुसार 2 अगस्त से कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रभावित उपभोक्ताओं से संपर्क करेंगे, उनकी शिकायतें दर्ज करेंगे और आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाएंगे। प्रेसवार्ता में शैलेश पांडे, विजय केसरवानी, विजय पांडे सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts