
भिलाई, 2 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक छात्रा के साथ सार्वजनिक स्थान पर छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। मॉडल टाउन स्थित शनि मंदिर के पास चाय की टपरी पर दोस्तों के साथ बैठी छात्रा के पास पहुंचे एक युवक ने अचानक उसका गला पकड़ लिया और जबरन किस कर दिया। घटना से वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।

पीड़िता के शोर मचाने पर उसके दोस्त और सहेली बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपी ने छात्रा की सहेली के साथ भी मारपीट कर दी। इस दौरान सहेली के सिर और नाक पर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी भागने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया।
पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। फुटेज में आरोपी की हरकत और मौके पर हुई अफरा-तफरी साफ दिखाई दे रही है।
पीड़िता ने स्मृति नगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर सुपेला थाना पुलिस ने आरोपी हेमंत छत्री के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
