
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर पुलिस ने चलती बस में यात्रियों को निशाना बनाकर झपटमारी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 7 महिलाओं समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पहले भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

दरअसल, बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान ने 11 अगस्त को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को वे अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर से बस में घर लौट रहे थे। उनकी पत्नी के गले में सोने की चेन थी। महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में सवार हुईं और भीड़ के बीच दंपती के साथ धक्का-मुक्की करने लगीं।

शनिचरी चौक रतनपुर के पास महिलाएं बस से उतर गईं। बस खाली होने के बाद जब दंपती को सीट मिली और गीता प्रधान ने अपने गले को देखा तो सोने की चेन गायब थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज से खुला गिरोह का राज
पुलिस ने महामाया चौक बिलासपुर और शनिचरी चौक रतनपुर के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कोनकोना, थाना बांगो, जिला कोरबा निवासी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर गिरोह बनाकर बस में महिलाओं से धक्का-मुक्की कर चेन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार चोरी की चेन 20 हजार रुपये में सुरतनी गिरी निवासी रामनगर, थाना कुसमी को बेचने की बात सामने आई है। आरोपियों ने बिक्री की रकम में से 12 हजार रुपये खर्च करना बताया, जबकि पुलिस ने उनके कब्जे से 8 हजार रुपये बरामद किए।

पुलिस ने सभी 9 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत भी कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी :-
1. अंजली गिरी पति मनोज गिरी गोस्वामी उम्र 25 साल,
2. लोहारिन बाई पति हरिनाथ उर्फ खिरू गिरी गोस्वामी उम्र 50 साल,
3. सुनीता गिरी पति स्व. बलबीर गिरी गोस्वामी उम्र 30 साल,
4. रामबाई पति हरिनाथ उर्फ खिरू गिरी गोस्वामी उम्र 40 साल,
5. प्रिती गिरी पति नरेश गिरी उम्र 30 साल,
6. शिवानी पति राकेश गिरी गिरी गोस्वामी उम्र 20 साल,
7. देवी गिरी पति राम गिरी गोस्वामी उम्र 20 साल,
8. नरेश गिरी पिता सुखराम गिरी गोस्वामी उम्र 35 साल,
9. राम गिरी पिता ओप्रकाश गिरी गोस्वामी उम्र 20 साल सभी निवासी कोनकोना ठिहईभाठा थाना बांगो जिला कोरबा छ.ग.।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक अखिलेश पारकर, मोरध्वज चन्द्रा और महिला आरक्षक अंजेला खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
