
बलौदाबाजार-भाटापारा। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से चौकाने वाला मामला सामने आया है। जहां रिश्ते को भरोसे का आधार बनाकर नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले जीजा-दीदी ने अपने ही साले से 2 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत के बाद भाटापारा शहर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

ऐसे दिया ठगी को अंजाम
मामला भाटापारा शहर थाना क्षेत्र का है। राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र निवासी डिलेश कुमार साहू (30) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि विरेन्द्र साहू और उसकी पत्नी गामिनी साहू ने 13 दिसंबर 2021 को उसे छत्तीसगढ़ स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी में ऑपरेटर के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसके बदले आरोपियों ने उससे 2 लाख रुपये ले लिए।
नौकरी नहीं लगने के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर भाटापारा शहर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

बैंक रिकॉर्ड और दस्तावेजों से खुला मामला
जांच के दौरान पुलिस ने पीड़ित और गवाहों के बयान दर्ज किए। साथ ही बैंक खाते का स्टेटमेंट और पावर होल्डिंग कंपनी में किए गए ऑनलाइन आवेदन की पावती सहित अन्य दस्तावेज जुटाए गए। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 18 अगस्त को आरोपी दंपत्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने नौकरी लगाने के नाम पर डिलेश से 2 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की। इसके बाद विरेन्द्र साहू और गामिनी साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
गिरफ्तार आरोपी
1. विरेन्द्र साहू (34 वर्ष), निवासी महावीर वार्ड भाटापारा, वर्तमान निवासी सड्डू, रायपुर।
2. गामिनी साहू (28 वर्ष), पत्नी विरेन्द्र साहू, निवासी महावीर वार्ड भाटापारा/मिर्च चिल्हाटी, वर्तमान निवासी सड्डू, रायपुर।
