
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के बुंदेला डेरा में चिकन के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने बड़े भाई और भाभी पर टंगिया से हमला कर दिया। घटना में दोनों घायल हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, 21 अगस्त की शाम करीब 5 बजे बुधराम (40) के घर चिकन बांटा जा रहा था। इसी दौरान उसके छोटे भाई बजरंग गोंड (20) ने कम हिस्सा मिलने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर बजरंग ने घर में रखी लोहे की टंगिया से बड़े भाई बुधराम की पीठ पर वार कर दिया।

भाई पर हमला होते देख उसकी पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी टंगिया से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद बुधराम ने शिवरीनारायण थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में राहौद पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बजरंग गोंड को गिरफ्तार किया और हमले में इस्तेमाल टंगिया जब्त कर ली। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
