
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव के जन्मदिन पर तखतपुर में आयोजित विकास कार्यों के भूमिपूजन समारोह में नाश्ते की व्यवस्था को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को वितरित की गई पूरी-सब्जी की गुणवत्ता पर सवाल उठे। लोगों ने आरोप लगाया कि नाश्ता खराब हो चुका था और सब्जी से बदबू आ रही थी। स्थिति यह रही कि कई लोगों ने नाश्ता खाने के बजाय वापस फेंक दिया।

दरअसल, तखतपुर के राम सदन में डिप्टी सीएम अरुण साव के जन्मोत्सव के अवसर पर करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। क्षेत्रीय विधायक धर्मजीत सिंह की अगुवाई में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में नगरवासी और ग्रामीण शामिल हुए थे। कार्यक्रम में अतिथियों के स्वागत और व्यवस्थाओं के लिए तैयारियां की गई थीं, लेकिन नाश्ते के वितरण के बाद लोगों की नाराजगी सामने आने लगी।

कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे लोगों को नाश्ते के तौर पर पूरी-सब्जी दी गई। आरोप है कि सब्जी की स्थिति ठीक नहीं थी और उसमें से दुर्गंध आ रही थी। लोगों ने नाश्ता लेने के बाद उसे खाने से परहेज किया। कई लोगों ने पूरी-सब्जी फेंक दी और नाराजगी जताते हुए वहां से लौट गए।
इस घटना के बाद कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। एक ओर समारोह में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात और भूमिपूजन की चर्चा रही, वहीं दूसरी ओर लोगों को परोसे गए नाश्ते की गुणवत्ता को लेकर शिकायत सामने आई।
सवाल यह है कि इतने बड़े सार्वजनिक आयोजन में नाश्ता तैयार करने से लेकर वितरण तक उसकी गुणवत्ता की जांच क्यों नहीं की गई? क्या जिम्मेदारों ने भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कोई व्यवस्था बनाई थी? फिलहाल खराब नाश्ता मिलने की शिकायतों ने आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
