
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी कथित तौर पर नशे की हालत में थाने के सामने स्कूटी पर बैठा नजर आ रहा है। इस दौरान वह अजीब हरकतें करता दिखाई दे रहा है।

वीडियो में क्या दिखा?
वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी थाने के सामने स्कूटी पर बैठा दिखाई देता है। कुछ देर बाद वह पास की पान दुकान के पास जाकर बैठ जाता है। इसी दौरान एक अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर उसे समझाता नजर आता है। आरक्षक की पहचान नान्हू राम डहरिया के रूप में बताई जा रही है। वीडियो बनाने वाले लोगों को भी कथित तौर पर रिकॉर्डिंग करने से रोका गया। हालांकि, इसके बावजूद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
कार्रवाई पर सवाल
वीडियो सामने आने के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय स्तर पर कोई कार्रवाई हुई या नहीं। फिलहाल इस मामले में पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

खास बात यह है कि बिलासपुर पुलिस इन दिनों नशे के खिलाफ अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई कर रही है। ऐसे में वर्दी में एक पुलिसकर्मी के कथित तौर पर नशे की हालत में नजर आने का वीडियो पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। पुलिस विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
