Homeअन्य खबरेतालाब में डूबने से 3 बच्चियों की मौत, कपड़े-चप्पल देखकर परिजनों को...

तालाब में डूबने से 3 बच्चियों की मौत, कपड़े-चप्पल देखकर परिजनों को हुआ शक…

कोरबा, 18 सितंबर 2026: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम नुनेरा में अलगू तालाब में नहाने गईं तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में सात साल की इंदु अगरिया और आठ साल की राखी व साधना शामिल हैं। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर तीनों बच्चियां घर पर थीं। वे स्कूल नहीं गई थीं। दोपहर के समय तीनों नहाने के लिए गांव के अलगू तालाब पहुंचीं। उस वक्त तालाब के आसपास कोई मौजूद नहीं था।

काफी देर तक घर नहीं लौटीं तो शुरू हुई तलाश

जब काफी देर तक बच्चियां घर वापस नहीं आईं तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश करते हुए जब वे अलगू तालाब पहुंचे तो किनारे पर बच्चियों के कपड़े और चप्पल दिखाई दिए। इसी दौरान एक ग्रामीण की नजर तालाब के पानी में तैरते शव पर पड़ी। शव की पहचान इंदु अगरिया के रूप में हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

घंटों की मशक्कत के बाद मिले दोनों बच्चियों के शव

सूचना मिलने पर पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बाकी दोनों बच्चियों राखी और साधना की तलाश शुरू की। काफी देर तक चले तलाशी अभियान के बाद दोनों के शव भी तालाब से बरामद कर लिए गए। तीनों बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस कर रही घटना की जांच

पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तीनों की मौत पानी में डूबने से होना सामने आया है। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

तीनों बच्चियों के एक साथ तालाब जाने और हादसे के समय वहां किसी के मौजूद नहीं होने की बात भी जांच का हिस्सा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts