
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद में शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी डीआरडी कंपनी की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में एक यात्री की बस के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

करहीभदर मोड़ के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, बस बालोद से धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान बालोद थाना क्षेत्र के करहीभदर मोड़, पेट्रोल पंप के आगे नाले के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे के समय बस में 35 से ज्यादा यात्री सवार होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बालोद भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बस के नीचे दबा यात्री
हादसे में एक यात्री बस के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई यात्रियों को गंभीर चोटें आने की सूचना है। शुरुआती जानकारी में बस में क्षमता से अधिक यात्रियों के सवार होने की बात भी सामने आ रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। शुरुआती तौर पर चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
