
सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ में एक आक्रामक कुत्ते ने लोगों के बीच दहशत फैला दी है। वार्ड क्रमांक 1, 2, 3 और 4 में कुत्ते ने अब तक 31 लोगों को काटकर घायल कर दिया। इनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे।

बताया जा रहा है कि कुत्ता एक दिन पहले से ही असामान्य व्यवहार कर रहा था और सड़क से गुजरने वाले लोगों पर अचानक हमला कर रहा था। कुत्ते के हमले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह एक बच्चे पर झपटकर उसे घायल करता दिखाई दे रहा है।

31 घायलों को लगाया गया एंटी-रेबीज इंजेक्शन
सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के RMO डॉ. नरेंद्र रात्रे के मुताबिक, सभी 31 लोगों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिया गया है और उनकी हालत सामान्य है।
कुत्ते को पकड़ने में जुटी नगरपालिका
मामले की जानकारी मिलने के बाद नगरपालिका की टीम कुत्ते को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची। पार्षद रामनाथ सिदार ने प्रशासन से जल्द से जल्द कुत्ते को पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
फिलहाल प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की अपील की है।
