
रायपुर। नया रायपुर स्थित महानदी भवन में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मंत्रालय कर्मचारियों को लेकर जा रही स्टाफ बस में अचानक आग लग गई। घटना के समय बस में 30 से ज्यादा शासकीय कर्मचारी सवार थे। चलती बस में आग की लपटें उठते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। समय रहते बस रोककर सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला गया।

आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। घटना के बाद कर्मचारियों का गुस्सा स्टाफ बसों की व्यवस्था को लेकर सामने आया। कर्मचारियों ने महानदी भवन के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन किया और पुरानी व खराब हालत वाली बसों को लेकर सवाल उठाए।
‘रघुपति राघव राजा राम’ गाकर जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ गाकर अपना विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों का कहना है कि रोजाना बड़ी संख्या में कर्मचारी इन्हीं बसों से मंत्रालय पहुंचते हैं, ऐसे में बसों की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था से समझौता नहीं होना चाहिए।

कर्मचारियों ने मांग की कि पुरानी बसों को हटाकर बेहतर और सुरक्षित बसें लगाई जाएं। उनका कहना है कि अगर समय रहते बस को रोककर कर्मचारी बाहर नहीं निकलते, तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी।
बसों की फिटनेस पर उठे सवाल
घटना के बाद स्टाफ बसों की नियमित जांच और फिटनेस को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी बसों की तकनीकी जांच कराई जाए और कर्मचारियों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण सामने नहीं आए हैं। संबंधित विभाग की जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
